26 मार्च 2009

बेटी संचित पुण्य है

बेटी घर की रोशनी, दोनों घर तक जाय।
अपने शील स्वभाव से, जग में यश फैलाय॥

रौनक घर की बेटियाँ , आँगन का श्रृंगार।
जगमग-जगमग कर रहा, मात-पिता का प्यार॥

बेटी घर की आबरू , आँगन की मुस्कान।
कस्तूरी मृग जिस तरह, जंगल का अभिमान॥

सजी-धजी है लाड़ली, खिली- खिली ज्यों धूप।
माँ बेटी में देखती , अपना ही प्रतिरूप॥

मात - पिता की संपदा, भाई का विश्वास।
दोनों कुल जगमग करे, बेटी स्वयम प्रकाश॥

बेटी संचित पुण्य है, जन्म- जन्म की साध।
स्वर्ग- लोक की साधना, धरती पर निर्बाध॥

बेटी धड़कन बाप की, माँ की शीतल छाँव।
घर- आँगन में सृष्टि के, क्रीड़ा करते पाँव॥

बेटी कोमल फूल - सी, लक्ष्मी का अवतार।
पशु जैसा हम कर रहे, तिस पर अत्याचार॥

हर बेटी के बाप को , ये चिंता ही खाय।
अच्छा वर मिल जाय तो, जनम सफल हो जाय॥

जोड़े बनते स्वर्ग में , तय है ईश विधान।
चिंतित फ़िर माँ-बाप क्यों, कब हो कन्यादान॥


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें